सभी संचालित स्कूल वाहनों का फिटनेस एवं परमिट का निरीक्षण किये जाने का दिया निर्देश 

सभी संचालित स्कूल वाहनों का फिटनेस एवं परमिट का निरीक्षण किये जाने का दिया निर्देश

जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति“ की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई आयोजित

बस्ती  : मिशन सेफ फ्यूचर के अभियान के तहत संचालित सभी स्कूल वाहनों का सख्त निरीक्षण किये जाने का निर्देश परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के पत्र द्वारा मिशन चलाकर शत प्रतिशत फिटनेस एवं परमिट सुनिश्चित कराये जाने तथा विद्यालयी परिवहन सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन के संदर्भ में आज दिनाॅक 01 जुलाई 2026 को अपर जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में “जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति“ की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अध्यक्ष महोदय के माध्यम से समस्त विद्यालय के प्रबंधक/प्रधानाचार्याें को निर्देशित किया गया कि जुलाई के प्रथम सप्ताह तक शत प्रतिशत स्कूली वाहनों के फिटनेस/परमिट वैध करा लिये जायें, अन्यथा दिनाॅक 08.07.2026 से प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान यदि स्कूली वाहन बिना वैध फिटनेस/परमिट के संचालित पाई जाती है तो वाहनों के निरूद्धीकरण के साथ-साथ विद्यालय की मान्यता निरस्त किये जाने हेतु कार्यवाही की जायेगी। साथ ही विद्यालय स्तर पर विद्यालयों में “विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक“ नियमित रूप से माह जुलाई, अक्टूबर, जनवरी व अप्रैल में कराये जाने, विद्यार्थियों द्वारा बिना वैध ड्राइविंग लाईसेंस एवं बिना हेलमेट के विद्यालय आने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने, टैम्पो/आटो/मैजिक/ई-रिक्शा इत्यादि वाहनों द्वारा बच्चों का परिवहन न करने के साथ विद्यालयों में रोड सेफ्टी नोडल शिक्षक, प्रत्येक कक्षा में एक विद्यार्थी को रोड सेफ्टी कैप्टन के रूप में नामित करने एवं विद्यालय की प्रार्थना सभा/एसेम्बली के समय सड़क सुरक्षा सम्बन्धी जानकारी प्रदान करने के निर्देश दिये गये।

उक्त बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), बस्ती फरीदउद्दीन, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), बस्ती सुरेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), बस्ती श्रीमती माला बाजपेयी, यात्रीकर अधिकारी प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, अपर जिला विद्यालय निरीक्षक उदयभान वर्मा तथा विद्यालयों के प्रबंधक/प्रधानाचार्य मौजूद रहे।