सुलतानपुर/लंभुआ: निजी टेलीकॉम कंपनियों को चुनौती देने के लिए बीएसएनएल ने ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ते ब्रॉडबैंड प्लान के साथ अभियान तेज कर दिया है। लंभुआ में प्रचार स्टॉल लगाकर लोगों को नए फाइबर ब्रॉडबैंड कनेक्शन और योजनाओं की जानकारी दी गई।
बीएसएनएल के सहायक प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए ₹259 प्रतिमाह से ब्रॉडबैंड प्लान उपलब्ध है। इसके अलावा छह माह और वार्षिक प्लान भी शुरू किए गए हैं। फाइबर नेटवर्क के माध्यम से 30 से 100 मीटर तक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने का दावा किया गया है।
युवाओं को स्वरोजगार का अवसर
डिजिटल इंडिया मिशन के तहत बीएसएनएल ग्रामीण युवाओं को भारत नेट उद्यमी योजना से जोड़कर स्वरोजगार का अवसर भी दे रहा है। गांवों में फाइबर-टू-द-होम (FTTH) सेवाओं के विस्तार के लिए पंचायत स्तर पर युवाओं को जोड़ा जाएगा। चयनित युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण, संचालन संबंधी सहायता और ब्रॉडबैंड कनेक्शन से होने वाली आय पर 40 से 50 प्रतिशत तक कमीशन दिए जाने की बात कही गई है।
बीएसएनएल का कहना है कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल भुगतान, ई-गवर्नेंस और टेलीमेडिसिन जैसी डिजिटल सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी।