30 जून को लखनऊ में होगा ‘फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड्स 2026

30 जून को लखनऊ में होगा ‘फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड्स 2026’

कृषि जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां होंगी शामिल

 

लखनऊ: कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, एफपीओ, कृषि उद्यमियों, कृषि पत्रकारों एवं नवाचारकर्ताओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से फार्म एन फूड द्वारा ‘ राज्य स्तरीय फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड्स 2026 (उत्तर प्रदेश)’ का आयोजन 30 जून 2026 (मंगलवार) प्रातः 9:30 बजे मालवीय हॉल, लखनऊ विश्वविद्यालय में किया जाएगा.

फार्म एन फूड, दिल्ली प्रेस समूह की प्रमुख कृषि पत्रिका एवं मीडिया प्लेटफॉर्म है, जो पिछले कई वर्षों से किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक, सरकारी योजनाएं, कृषि नवाचार, बाजार और प्रसंस्करण से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी पहुंचा रहा है. इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए कृषि सम्मान अवार्ड्स के माध्यम से कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान प्रदान की जा रही है.

इस वर्ष के समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही के मुख्य अतिथि तथा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उद्यान एवं कृषि विपणन विभाग श्री दिनेश प्रताप सिंह के विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है. इसके अतिरिक्त कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञ, कृषि उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि तथा प्रगतिशील किसान भी कार्यक्रम में भाग लेंगे.

कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित किसानों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों को 16 विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा. इनमें कृषि नवाचार, कृषि यंत्रीकरण, गन्ना उत्पादन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, एकीकृत कृषि, डेयरी एवं पशुपालन, बागवानी, कृषि विपणन, शोध, महिला किसान, युवा किसान, एफपीओ तथा कृषि विज्ञान केंद्र जैसी प्रमुख श्रेणियां शामिल हैं.

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण लखनऊ की सुप्रसिद्ध लोककला ‘गुलाबो-सिताबो’ कठपुतली प्रस्तुति भी होगी. हास्य, लोकसंस्कृति और सामाजिक संदेशों से भरपूर यह पारंपरिक प्रस्तुति कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भरने के साथ उत्तर प्रदेश की समृद्ध लोक विरासत से भी अतिथियों का परिचय कराएगी.

समारोह के दौरान कृषि विशेषज्ञों द्वारा खरीफ फसल, आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि यंत्रीकरण, बागवानी तथा किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की जाएंगी . कार्यक्रम में कृषि उद्योग से जुड़ी अग्रणी कंपनियां और संस्थाएं भी भाग लेंगी.

फार्म एन फूड का मानना है कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि किसानों, वैज्ञानिकों, नीति निर्माताओं और कृषि उद्योग को एक साझा मंच पर लाकर ज्ञान, नवाचार और अनुभवों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर भी है.