सीएम पोर्टल की शिकायत पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर पोखरा खलिहान समेत सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा

सीएम पोर्टल की शिकायत पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर पोखरा खलिहान समेत सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा

 

बस्ती। मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई एक शिकायत ने वर्षों से सरकारी भूमि पर जमे अवैध कब्जेदारों की नींद उड़ा दी। हर्रैया थाना क्षेत्र के नरायनपुर मिश्र ग्राम सभा के मढवाड गांव में मंगलवार को राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पोखरा, खलिहान, बंजर और नवीन परती भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर कब्जा मुक्त करा दिया। गांव के एक व्यक्ति द्वारा सीएम पोर्टल पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर उपजिलाधिकारी हर्रैया उमाकांत तिवारी के निर्देश पर तहसील प्रशासन और पुलिस की टीम भारी संख्या में मौके पर पहुंची। प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में जेसीबी मशीन चली और एक-एक कर अवैध निर्माणों को हटाया गया

अचानक शुरू हुई कार्रवाई से कब्जेदारों में हड़कंप मच गया। पूरे गांव में प्रशासन की इस कार्रवाई की चर्चा होती रही। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि पोखरा, खलिहान और अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी भूमि संरक्षण की दिशा में बड़ी पहल माना जा रहा है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।