कर्मादेवी शिक्षण संस्थान समूह के अन्तर्गत संचालित एवं डी.एम.एस.एस.पी. लॉ कॉलेज में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का किया गया आयोजन
बस्ती । उ.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश, बस्ती श्री शमसुल हक के मार्गदर्शन में एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती श्री देवेन्द्र कुमार-प्रथम द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती द्वारा संचालित ग्रीष्मकालीन इन्टर्नशीप के तहत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विधि छात्र-छात्राओं को कर्मादेवी शिक्षण संस्थान समूह के अन्तर्गत संचालित डी.एम.एस.एस.पी. लॉ कॉलेज, फुटहिया संसारपुर, बस्ती में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुये सचिव देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने विधि के छात्रों को व्यवहारिक प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुये कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार विधि के छात्रों को 02 जून 2026 से न्यायालय परिसर सभागार में व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिसके तहत न्यायालय, कारागार, बाल सम्प्रेक्षण गृह, वृद्धाश्रम, बाल कल्याण समिति का भ्रमण कराया जा चुका है। उन्होनें छात्रों में आत्म विश्वास के साथ संवाद की कुशलता तथा व्यवहारिक पक्ष को समझ रखने की सलाह देते हुए कहा कि विधि के क्षेत्र में न केवल विधि का ज्ञान बल्कि व्यवहारिक जानकारी का भी होना आवश्यक है। उन्होंनें विधिक जागरूकता एवं साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुये कहा कि कानून की सामान्य जानकारियों को आम आदमी के बीच में साझा किया जाना चाहिये जिससे लोगों को अधिकारों की जानकारी हो सके ।
कर्मा देवी शिक्षण समूह की सी.ई.ओ. श्रीमती अंशु सिंह ने स्वागत करते हुये विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर को उपयोगी बताया। साक्षरता शिविर को चीफ, लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल कौशल कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी चीफ, लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल शैलजा कुमार पाण्डेय, असिस्टेन्ट लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल निति कुमार श्रीवास्तव एवं दीप्ति पाण्डेय, सुशांत द्विवेदी असिस्टेन्ट प्रोफेसर, एडवोकेट, डॉ रफी अहमद, विभागाध्यक्ष ने संबोधित किया।