
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि पर ऐतिहासिक फैसले के नायक और पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) रंजन गोगोई ने आज अपनी धर्मपत्नी और परिवार के सदस्यों के साथ अयोध्या धाम में स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर पहुँचकर बजरंगबली का आशीर्वाद लिया। मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन के उपरांत, न्यायमूर्ति गोगोई ने हनुमानगढ़ी के संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूज्य महंत संजय दास जी महाराज से भेंट की। इस दौरान उन्होंने पूज्य महंत जी से आशीर्वाद प्राप्त किया और उनके साथ आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। सनातन आस्था का केंद्र है अयोध्या दर्शन के बाद अपना वक्तव्य व्यक्त करते हुए न्यायमूर्ति रंजन गोगोई ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि “अयोध्या धाम आना और हनुमान जी के दरबार में नतमस्तक होना अत्यंत सौभाग्य का विषय है। यहाँ की ऊर्जा और शांति अद्वितीय है।”
महंत संजय दास जी महाराज ने न्यायमूर्ति गोगोई को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर महंत संजय दास जी ने कहा कि “न्याय के मंदिर से रामलला के मंदिर तक का मार्ग सत्य और धर्म का मार्ग रहा है, और आज उनका यहाँ आना हनुमान जी की कृपा का प्रतीक है। इस दौरान पूर्व सीजेआई ने राम मंदिर परिसर की भव्यता की सराहना की और इसे देश की एकता और आस्था का प्रतीक बताया। उनके साथ स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।