अवध बिहारी कुंज का 20वां स्थापना दिवस भव्यता से संपन्न, उमड़े साधु-संत व गृहस्थ

 

महंत गणेश दास के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया भोजन प्रसाद

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। धार्मिक नगरी अयोध्या के रामानन्द नगर (गाड़ीवान टोला, निकट ऋणमोचन चौराहा) स्थित श्री अवध बिहारी कुंज का 20वां स्थापना दिवस अत्यंत भव्य और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। साकेतवासी महंत रामसुखित दास फलाहारी महाराज के परमकृपापात्र महंत गणेश दास के पावन सानिध्य में आयोजित इस महोत्सव में पूरी अयोध्या से विशिष्ट साधु-संतों और बड़ी संख्या में गृहस्थ श्रद्धालुओं का समागम हुआ। स्थापना दिवस के अवसर पर सुबह से ही अवध बिहारी कुंज में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और विशेष पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा। पूरा परिसर ‘जय श्री सीताराम’ के उद्घोष से गुंजायमान रहा। इस पावन अवसर पर अयोध्या धाम के कई प्रमुख पीठों के पूज्य संतों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई और वर्तमान महंत गणेश दास को आशीर्वाद प्रदान किया। विशिष्ट संतों और गृहस्थों ने पाया प्रसाद महोत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में विशाल भंडारे (भोजन प्रसाद) का आयोजन किया गया। महंत गणेश दास की देखरेख में आयोजित इस भंडारे में आए हुए सभी विशिष्ट साधु-संतों, विरक्त महात्माओं और गृहस्थ श्रद्धालुओं ने बड़े ही भाव से भोजन प्रसाद ग्रहण किया। महंत गणेश दास ने स्वयं उपस्थित होकर सभी अतिथियों और संतों का स्वागत-सत्कार किया। कार्यक्रम के अंत में आए हुए संतों को विदाई दी गई और गृहस्थों ने महंत जी से आशीर्वाद प्राप्त कर सुख-समृद्धि की कामना की।