साइबर सेल की तत्परता से पीड़ित को मिली राहत, 5 हजार रुपये लौटाए गए
क्रैक साइबर क्राइम अभियान के तहत महुली पुलिस की बड़ी सफलता
ऑनलाइन गलती से ट्रांसफर हुई रकम वापस, पुलिस के प्रयास की सराहना
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जनपद में चलाए जा रहे क्रैक साइबर क्राइम अभियान के तहत साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित सहायता प्रदान करने की दिशा में महुली थाना पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने सराहनीय कार्य किया है। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के क्रम में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित की ₹5,000 की धनराशि वापस कराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना महुली क्षेत्र के ग्राम नाथनगर निवासी सत्यम कांडू पुत्र नंदन प्रसाद द्वारा ऑनलाइन लेन-देन के दौरान त्रुटिवश ₹5,000 की धनराशि अज्ञात व्यक्ति के बैंक खाते में स्थानांतरित हो गई थी। इस संबंध में पीड़ित ने दिनांक 27 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से सहायता की गुहार लगाई।
शिकायत प्राप्त होते ही महुली थाना पुलिस एवं साइबर सेल की टीम ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित बैंक तथा तकनीकी माध्यमों के जरिए कार्रवाई शुरू की। लगातार समन्वय और प्रभावी प्रयासों के फलस्वरूप उक्त धनराशि को सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस करा दिया गया।
अपनी खोई हुई रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने संतकबीरनगर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया और पुलिस की तत्परता की सराहना की।
इस कार्यवाही में शामिल टीम:
उपनिरीक्षक दुर्गेश पाण्डेय (थानाध्यक्ष महुली), उपनिरीक्षक अनुज कुमार यादव, आरक्षी अंकित पटेल, आरक्षी सोनू यादव, आरक्षी मनोज यादव एवं महिला आरक्षी कमलेश कुमारी।
अपील:
जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ब्लैकमेलिंग के झांसे में न आएं। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत Cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।