लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान के अंतर्गत संचालित पांच लोकप्रिय धार्मिक वीकेंड टूर पैकेजों को नियमित सेवा के रूप में शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत अब श्रद्धालु प्रत्येक शुक्रवार, शनिवार और रविवार को अपनी पसंद के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कर सकेंगे।राज्य सरकार की इस पहल से प्रदेश के लाखों श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। अब लखनऊ से अयोध्या और नैमिषारण्य तथा प्रयागराज से अयोध्या, चित्रकूट और विंध्याचल धाम के लिए नियमित धार्मिक यात्राएं संचालित की जाएंगी। पर्यटन विभाग का मानना है कि इन सेवाओं से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और प्रदेश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।यूपीएसटीडीसी द्वारा संचालित ‘सुगम दर्शन’ योजना के तहत यात्रियों को कम खर्च में सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित यात्रा का अवसर मिलेगा। इन टूर पैकेजों की शुरुआत इसी सप्ताहांत से हो रही है। श्रद्धालु अब बिना किसी परेशानी के सप्ताहांत में धार्मिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे और उसी दिन या निर्धारित समय में अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे।प्रदेश सरकार ने बुकिंग प्रक्रिया को भी पहले की अपेक्षा अधिक सरल और सुगम बनाया है। श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बुकिंग करा सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग के लिए पर्यटन निगम की आधिकारिक वेबसाइट उपलब्ध कराई गई है, जहां से यात्री आसानी से सीट आरक्षित कर सकते हैं। इससे प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी यात्रा की योजना बनाने में सुविधा होगी।इन धार्मिक टूर पैकेजों की सबसे बड़ी विशेषता इनका किफायती शुल्क है। आरामदायक अर्बेनिया ट्रैवलर वाहनों से संचालित इन यात्राओं का किराया मात्र एक हजार रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त समूह बुकिंग कराने वाले यात्रियों को विशेष छूट का लाभ भी मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुल्क में रियायत की व्यवस्था की गई है, जिससे बुजुर्ग श्रद्धालु भी आसानी से धार्मिक यात्राओं का लाभ उठा सकें।यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को आरामदायक परिवहन सुविधा, निर्धारित स्थलों पर दर्शन, यात्रा मार्गदर्शन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे परिवारों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए धार्मिक यात्रा पहले की तुलना में कहीं अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित हो जाएगी।अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के बाद देशभर से श्रद्धालुओं का आगमन लगातार बढ़ रहा है। वहीं नैमिषारण्य, चित्रकूट और विंध्याचल धाम भी देश के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्रों में शामिल हैं। नियमित पर्यटन सेवाओं के संचालन से इन धार्मिक स्थलों तक पहुंचना और आसान होगा तथा प्रदेश में धार्मिक पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी।पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से न केवल श्रद्धालुओं को लाभ मिलेगा बल्कि स्थानीय व्यापार, होटल उद्योग, परिवहन सेवाओं और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। योगी सरकार की यह योजना धार्मिक आस्था, पर्यटन विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।प्रदेश सरकार लगातार धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई योजनाएं लागू कर रही है। काशी, अयोध्या, मथुरा, चित्रकूट, विंध्याचल और नैमिषारण्य जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। ऐसे में वीकेंड धार्मिक टूर पैकेजों को नियमित किए जाने का निर्णय श्रद्धालुओं के लिए किसी बड़े उपहार से कम नहीं माना जा