खलीलाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1100 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
संदिग्ध चेकिंग के दौरान मिली सफलता, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस की सख्ती जारी
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जनपद में अपराध नियंत्रण और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को 1100 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान श्मशान घाट के पास बने सीमेंट बेंच के पास से आरोपी को पकड़ा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रवि मिश्रा पुत्र अजय मिश्रा निवासी कटेहवा चौराहा तितौवा थाना कोतवाली खलीलाबाद, जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 1100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
इस संबंध में थाना कोतवाली खलीलाबाद पर मु0अ0स0 529/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार मिश्र, हेड कांस्टेबल छोटेलाल सिंह, कांस्टेबल भानू प्रताप सिंह, मनीष यादव और मनीष वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।