मां सरयू को अर्पित होगी 1100 मीटर चुनरी

.

अयोध्या। अधिक मास के पुण्य अवसर पर अयोध्या धाम में रविवार को श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। विश्वकल्याणार्थ आयोजित 25 दिवसीय श्री श्री 1008 श्री विष्णु महायज्ञ के अंतर्गत सायं चार बजे सरयू तट कच्चा घाट पर मां सरयू का दुग्धाभिषेक, भव्य आरती एवं चुनरी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की सहभागिता से मां सरयू को 1100 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की जाएगी, जिसे लेकर भक्तों में विशेष उत्साह है।सिद्धपीठ संकटमोचन हनुमान किला धर्मपथ (बाईपास) पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ 22 मई को हुआ था, जो 15 जून तक चलेगा। आयोजन के अध्यक्ष एवं संरक्षक श्रीहनुमन्तलाल जी महाराज के सान्निध्य में चल रहे इस महायज्ञ के समापन समारोह में पूर्व सांसद लल्लू सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। मुंबई निवासी श्री रामभाई मुख्य यजमान के रूप में वैदिक अनुष्ठानों में सहभागिता करेंगे।यज्ञाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय पंच तेरहभाई त्यागी खालसा खाक चौक व श्री संकट मोचन हनुमान किला के पीठाधीश्वर महंत परशुरामदास जी महाराज ने कहा कि अधिक मास में किए गए धार्मिक अनुष्ठान अनेक गुना फलदायी माने गए हैं। मां सरयू को चुनरी अर्पण, दुग्धाभिषेक और आरती का यह आयोजन विश्व शांति, राष्ट्र कल्याण तथा मानवता के मंगल की भावना से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या की जीवनरेखा मां सरयू भारतीय संस्कृति, आस्था और अध्यात्म की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके प्रति श्रद्धा अर्पित करना स्वयं में एक पुण्य साधना है।आयोजन में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विशाल सिंह उर्फ बाबा मुख्य संयोजक की भूमिका निभा रहे हैं। वही अभी बताते चलें प्रतिदिन शाम को श्री बर्फानी दादा अखंड अन्नक्षेत्र सैकड़ो गरीबों को भोजन भी कराया जाता है, यह कम 2016 से निरंतर चलता आ रहा है।