प्रतापगढ़ में किसान की करंट लगने से मौत: खुले तारों से हुआ हादसा, एक आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़ में किसान की करंट लगने से मौत: खुले तारों से हुआ हादसा, एक आरोपी गिरफ्तार

प्रतापगढ़ में किसान की करंट लगने से मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह घटना अंतू थाना क्षेत्र के रामनगर भोजपुर गांव में रविवार सुबह हुई थी, जिसमें 35 वर्षीय राजकुमार यादव की जान चली गई थी। जानकारी के अनुसार, राजकुमार यादव अपने खेत में धान की नर्सरी के लिए पानी भरने गए थे। वे गांव के ही शेर बहादुर सिंह के सबमर्सिबल पंप से पाइप के जरिए पानी ले रहे थे। इसी दौरान वे पास के खेत की मेड़ पर लगाए गए बाड़ में प्रवाहित करंट की चपेट में आ गए। बताया गया है कि शेर बहादुर सिंह ने आवारा पशुओं से फसल बचाने के लिए खेत की मेड़ पर तार लगाकर उसमें करंट छोड़ा हुआ था। करंट लगते ही राजकुमार मौके पर गिर पड़े। काफी देर बाद परिजन वहां पहुंचे तो उन्हें बाड़ में फंसा हुआ पाया। परिजनों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद की और उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक राजकुमार यादव अपने पीछे एक बेटे को छोड़ गए हैं और वे दो भाइयों में छोटे थे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शेर बहादुर सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया था। पुलिस ने चेकिंग के दौरान भोजपुर तिराहे के पास से आरोपी शेर बहादुर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।