प्रतापगढ़ पुलिस ने एक करोड़ की एमडी ड्रग्स पकड़ी: 5 तस्कर गिरफ्तार, ASP ने किया बड़े गिरोह का खुलासा

प्रतापगढ़ पुलिस ने एक करोड़ की एमडी ड्रग्स पकड़ी: 5 तस्कर गिरफ्तार, ASP ने किया बड़े गिरोह का खुलासा

 

प्रतापगढ़ पुलिस ने नशीले पदार्थों के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आसपुर देवसरा थाना पुलिस और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई में करीब एक करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स बरामद की गई है और पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्कर भारी मात्रा में नशीली दवाओं की खेप लेकर गुजरने वाले हैं। इसी सूचना पर सैफाबाद-मौरैनी मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक अर्टिगा कार और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी लेने पर कुल 202.31 ग्राम अवैध एमडी (मेथामफेटामाइन) ड्रग्स बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से पांच तस्करों सूरज दुबे, आनंद मिश्रा, दिव्यांशू दुबे, आलोक शुक्ला और मंजित मिश्रा को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इस नशीले पदार्थ को बिक्री के लिए ले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे और इनका आपराधिक इतिहास भी रहा है।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आनंद मिश्रा और मंजित मिश्रा अपने अन्य साथियों कुशु मिश्रा और छोटू मिश्रा के साथ मिलकर एमडी का कारोबार चला रहे थे। कुशु मिश्रा का भाई लवी मिश्रा पहले भी एमडी के बड़े नेटवर्क में शामिल होने के कारण हरियाणा और दिल्ली पुलिस द्वारा जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर अर्टिगा कार और मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।