बस्ती में विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘जलवायु कार्रवाई’ का संकल्प: वृक्षारोपण, सीड बॉल निर्माण और जागरूकता से दिया मजबूत संदेश

बस्ती में विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘जलवायु कार्रवाई’ का संकल्प: वृक्षारोपण, सीड बॉल निर्माण और जागरूकता से दिया मजबूत संदेश

 

बस्ती: विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर यूनिक वेलफेयर सोसायटी द्वारा बस्ती सदर विकास खंड के मिश्रौलिया गाँव में व्यापक पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “जलवायु कार्रवाई” तथा वैश्विक अभियान “प्रकृति से प्रेरित। जलवायु के लिए। हमारे भविष्य के लिए” को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रम में वृक्षारोपण, सीड बॉल निर्माण और जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। साथ ही आधिकारिक हैशटैग नाऊफारक्लाइमेट के माध्यम से लोगों को जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक किया गया।

 

कार्यक्रम में संस्था के सचिव संजय कुमार गौतम ने कहा कि “जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। हमें अभी से ठोस कदम उठाने होंगे, जैसे अधिक से अधिक वृक्षारोपण, जल संरक्षण और प्लास्टिक का सीमित उपयोग।”

 

सामाजिक कार्यकर्ता माधुरी ने अपने संबोधन में कहा कि “जलवायु कार्रवाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर व्यक्ति का कर्तव्य है। छोटे-छोटे प्रयास जैसे—बिजली की बचत, पानी का संरक्षण, और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाकर हम बड़ा बदलाव ला सकते हैं।”

 

संस्था से जुड़ी बबिता गौतम ने कहा कि “महिलाएं पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभा सकती हैं। सीड बॉल निर्माण जैसे प्रयासों से हम बंजर भूमि को भी हरा-भरा बना सकते हैं और प्राकृतिक संतुलन बनाए रख सकते हैं।”

 

पर्यावरण प्रेमी डॉ. नवीन सिंह ने कहा कि “जलवायु परिवर्तन को रोकने के लिए हमें सामूहिक प्रयास करने होंगे। नवीकरणीय ऊर्जा को अपनाना, कचरा प्रबंधन को सुधारना और जैव विविधता की रक्षा करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।”

 

इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बड़ी संख्या में सीड बॉल तैयार किए गए, जिन्हें आसपास के क्षेत्रों में फैलाकर हरियाली बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जलवायु कार्रवाई को अपनाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।