झपटमारी कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

झपटमारी कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

 

लूटा गया मंगलसूत्र व मोटरसाइकिल बरामद

 

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म, खर्च चलाने के लिए करते थे वारदात

 

जितेंद्र पाठक

 

संतकबीरनगर। जनपद पुलिस ने झपटमारी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक पीले धातु का मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दुबे व एसओजी प्रभारी रजनीश राय के नेतृत्व में गठित टीम ने बरईपुरवा के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रिंस चौधरी पुत्र गोपाल चौधरी निवासी कांटे (खलीलाबाद), विशेष अग्रहणी पुत्र वीरेन्द्र अग्रहणी निवासी गुदी थाना मुण्डेरवा जनपद बस्ती तथा अभिषेक राय पुत्र शत्रुधन राय निवासी धोरहरा गोचना थाना मुण्डेरवा जनपद बस्ती शामिल हैं।

घटना का विवरण:

वादी सुनील कुमार मौर्य ने थाना कोतवाली खलीलाबाद में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 27 मई 2026 की रात स्पर्श हॉस्पिटल के बाहर उनकी भाभी सरस्वती देवी के गले से बाइक सवार तीन बदमाशों ने मंगलसूत्र छीन लिया था। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पूछताछ में खुलासा:

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में दोस्त हैं और खर्च चलाने के लिए सुनसान स्थानों पर महिलाओं से चेन व मंगलसूत्र छीनते थे। 27 मई की रात भी उन्होंने स्पर्श हॉस्पिटल के पास यही वारदात की थी और बरामद मंगलसूत्र बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस टीम की भूमिका:

कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रभान्शु कुमार राय, सत्यप्रकाश, जयकिशन गोंड, चन्द्रशेखर, सचिन, अमितेश सिंह, आशुतोष सिंह, अपूर्व त्रिपाठी सहित एसओजी व सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।