झपटमार गिरफ्तार, दो मोबाइल व बाइक बरामद
भीड़भाड़ वाले इलाकों में करता था वारदात, पुलिस ने दबोचा आरोपी
एनएच सर्विस लेन के पास पकड़ा गया आरोपी, पूछताछ में कई खुलासे
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने झपटमारी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से झपटमारी के दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को पकड़ा।
मामला 3 जून 2026 को दर्ज हुआ था, जब वादी देवेन्द्र सिंह ने शिकायत दी कि 1 जून को बरदहिया सब्जी मंडी रोड पर अज्ञात व्यक्ति ने उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंच गई।
पूछताछ में आरोपी सूरज यादव ने स्वीकार किया कि वह भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों से मोबाइल छीनकर उन्हें बेच देता था और उसी से अपना खर्च चलाता था। उसने एक अन्य झपटमारी की घटना भी कबूल की है।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार और कांस्टेबल सुनील कुमार पाल शामिल रहे।