केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित होगा जन जागरूकता अभियान
05 से 21 जून तक आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम
बहराइच 02 जून। मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में आगामी 7 जून, 2026 को केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर 5 जून, 2026 से 21 जून, 2026 तक प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर केन्द्र एवं राज्य सरकार की नीतियों, संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की उपलब्धियों तथा जनसामान्य के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन को प्रदर्शित करने हेतु एक समेकित अभियान संचालित किया जायेगा।
शासन के नीतिगत निर्णयों, जन-केन्द्रित विकास कार्यों एवं लोक-कल्याणकारी उपलब्धियों को समाज के अन्तिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचाने, पात्र लाभार्थियों को शासकीय योजनाओं से आच्छादित करने, जन समस्याओं के त्वरित एवं मौके पर निस्तारण तथा पर्यावरण संरक्षण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 05 से 21 जून 2026 तक समस्त विकास खण्डों एवं नगरीय निकायों में समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाना है।
अभियान अन्तर्गत समस्त कार्यक्रम ‘‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’’ के मूल भाव के अनुरूप संचालित किए जाएंगे। अभियान के प्रत्येक चरण में सादगी, अनुशासन, ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी। केन्द्र एवं राज्य सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं के संतृप्तीकरण तथा प्रदेश में विगत वर्षों में हुए विकास कार्यों एवं सुशासन मॉडल को समस्त कार्यक्रमों में समाहित किया जाएगा।
विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून 2026 को मा. प्रधानमंत्री जी की अपील के अनुसार सम्पूर्ण प्रदेश में ‘‘एक पेड़-माँ के नाम’’ अभियान के अन्तर्गत प्रदेश के समस्त 825 विकास खण्डों तथा 762 नगर निकायों के साथ-साथ समस्त ग्राम पंचायतों में 5 करोड़ पौधों का वृक्षारोपण किया जाएगा। इस अवसर पर अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेसवे, नदी एवं नहरों के किनारे वृक्ष लगाए जाएंगे तथा सिटी फ़ॉरेस्ट विकसित करने पर विशेष बल दिया जाएगा। इस कार्य में विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों एवं सामाजिक संगठनों, ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय कर्मियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
08 से 14 जून तक विशेष जन-सम्पर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम के अन्तर्गत मा. प्रभारी मंत्री/अन्य मा. जनप्रतिनिधिगण एवं नोडल प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों तक शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं उपलब्धियाँ पहुँचाने हेतु जनपद के प्रबुद्ध वर्ग यथा चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षकों, उद्यमियों, व्यवसायियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं आदि से सम्पर्क एवं संवाद स्थापित किया जाएगा। मलिन बस्तियों में संवाद तथा ‘‘सरकार आपके द्वार’’ स्वरूप में जन-समस्या समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
11 से 14 जून तक मीडिया सम्बोधन एवं संवाद कार्यक्रम के तहत 12/13 जून, 2026 को प्रदेश स्तर पर मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा मीडिया को सम्बोधित किया जाएगा तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार की अद्यतन उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। तत्पश्चात् समस्त जनपदों में मा. प्रभारी मंत्रीगण, केन्द्र सरकार के माननीय मंत्री अथवा बोर्ड/आयोग के वरिष्ठ पदाधिकारीगण प्रेस वार्ताएँ आयोजित कर सरकार की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण करेंगे।
14 जून से 16 जून, 2026 तक आयोजित होने वाले जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेला में समस्त विभाग अपनी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का स्टॉल लगाते हुए जनसामान्य को योजनाओं की जानकारी प्रदान करेंगे तथा इच्छुक एवं पात्र व्यक्तियों का पंजीकरण करते हुए ब्रोशर/लीफलैट का वितरण भी करेंगे। इस कार्यक्रम के साथ स्वास्थ्य मेले/जन-आरोग्य मेले भी आयोजन किया जायेगा। 16 व 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के दौरान राज्य स्तर पर चयनित विभिन्न विधाओं/क्षेत्रों के प्रबुद्ध महानुभावों/विषय-विशेषज्ञों द्वारा विकास खण्डों का भ्रमण कर वहाँ आयोजित मेलों/शिविरों में केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की उपलब्धियों पर व्याख्यान दिए जाएंगे।
18 व 19 जून को प्राकृतिक खेती पर आधारित कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रतिभागियों को जीवामृत, बीजामृत, प्राकृतिक खाद एवं जैविक कीटनाशक तैयार करने की प्रक्रिया के ‘‘लाइव डैमो जोन’’ के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ-साथ गौ-आधारित प्राकृतिक खेती एवं जल संरक्षण पर विशेष सत्र तथा ‘‘कम लागत, अधिक आय’’ विषय पर आधारित किसान-संवाद कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। 21 जून 2026 अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भव्य योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें युवाओं, महिलाओं, एन.सी.सी. कैडेट्स, पुलिस एवं स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान अवधि में शासकीय योजनाओं की समीक्षा एवं जन शिकायतों के निस्तारण के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपाल का आयोजन भी किया जाएगा।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः