पुरुषोत्तम मास महोत्सव की भव्य शुरुआत, देश-विदेश से उमड़े हजारों श्रद्धालु
अयोध्या। प्रभु श्रीरामलला की पावन नगरी अयोध्या में गुरुवार को भक्ति, श्रद्धा और वैदिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री झालरिया पीठ डीडवाना के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय पुरुषोत्तम मास महोत्सव का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। “सीताराम-सीताराम… पतित पावन सीताराम…” के जयघोष से पूरा अयोध्या धाम गुंजायमान हो उठा।
बड़ा भक्तमाल बगिया में आयोजित इस दिव्य महोत्सव में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचे हैं। आयोजन में 225 कुण्डीय श्रीमहालक्ष्मी महायज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा एवं 108 मूल भागवत पाठ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम श्री जानकी वल्लभ जी महाराज, श्री दास हनुमान जी महाराज तथा श्री झालरिया पीठाधीश्वर जगद्गुरु श्री श्री 1008 स्वामी घनश्यामाचार्य जी महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न हो रहा है।
रामपथ से निकली भव्य शोभायात्रा
महोत्सव का शुभारंभ रामपथ स्थित श्री वेंकटेश मंदिर से निकली विशाल शोभायात्रा से हुआ। यजमानों ने श्रद्धापूर्वक श्रीमद्भागवत पुराण को सिर पर धारण किया। महिलाएं कलश लेकर पारंपरिक वेशभूषा में भजन-कीर्तन करती हुई चल रही थीं। शोभायात्रा में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
भागवत कथा के मुख्य यजमान एलन मानधना परिवार, कोटा तथा करवा परिवार, करीमनगर रहे। शोभायात्रा में मातुश्री कृष्णादेवी मानधना, गोविंद माहेश्वरी, राजेश माहेश्वरी, नवीन माहेश्वरी सहित भगवानदास करवा एवं वेणुगोपाल करवा विशेष रूप से उपस्थित रहे।