महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। कनक महल, जानकी घाट स्थित श्री राम कथा महोत्सव के तीसरे दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय कथा प्रवक्ता मोहित शरण जी महाराज ने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और भक्ति का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कथा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा वातावरण “जय श्रीराम” के जयकारों से गुंजायमान रहा।
कथा के दौरान महाराज श्री ने प्रभु श्रीराम के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन संपूर्ण मानव समाज के लिए एक सर्वोच्च आदर्श है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही मानव जीवन सफल हो सकता है। महाराज जी के मुखारविंद से राम जी की मार्मिक लीलाएं सुनकर कथा पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भावविभोर हो गए और कई भक्तों की आँखें सजल हो उठीं।
1 जून को होगा विशाल भंडारा
सुबह नवाह्न पारायण एवं शाम को आयोजित मुख्य कथा में दूर-दूर से पहुंचे भक्तों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जहां भक्ति संगीत और राम नाम संकीर्तन से चारों ओर आलौकिक ऊर्जा का संचार हो रहा है। बता दें कि यह श्री राम कथा महोत्सव 31 मई तक निरंतर चलेगा, जबकि 1 जून 2026 को महोत्सव की पूर्णाहुति होगी और एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन के मुख्य यजमान सरदार शहर, राजस्थान के श्री शिव शंकर जयसन्सरिया हैं।