महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल अयोध्या के एक शिष्टमंडल ने जिला अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में नवनियुक्त जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल ने जनपद के व्यापारियों और आम जनता से जुड़ी कई ज्वलंत समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष प्रमुखता से उठाया और उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की। इन प्रमुख समस्याओं की ओर आकर्षित कराया ध्यान
व्यापारियों के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी महोदय को शहर की वर्तमान स्थिति और प्रशासनिक अड़चनों से अवगत कराते हुए निम्नलिखित मुद्दे साझा किए:
फ्रीहोल्ड भूमि का दाखिल-खारिज: नजूल विभाग द्वारा जो भूमि फ्रीहोल्ड की जा चुकी है, उसका दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) न होने से लोग परेशान हैं। कनेक्टिविटी का अभाव: अयोध्या और फैजाबाद नगर के मध्य तीर्थयात्रियों और जनसामान्य के सुगम आवागमन के लिए बेहतर कनेक्टिविटी की व्यवस्था नहीं है। ADA द्वारा नोटिस जारी करने का विरोध: राम पथ निर्माण के समय अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) द्वारा जिन व्यापारियों की दुकानें और मकान तोड़े गए थे, अब उनके द्वारा मरम्मत कराने पर उन्हें विभाग द्वारा नोटिस जारी किया जा रहा है, जिससे व्यापारियों में भारी आक्रोश है। अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या: अयोध्या एवं फैजाबाद दोनों जुड़वां नगरों में आए दिन लगने वाले जाम, अतिक्रमण और व्यवस्थित पार्किंग न होने की समस्या विकराल रूप ले चुकी है।
सड़कों की दुर्दशा और बिजली पोल: नाका क्षेत्र और चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग पर सड़कों की हालत बेहद खस्ता है। साथ ही, सड़क चौड़ीकरण के बाद भी बिजली के खंभों को अभी तक शिफ्ट नहीं किया गया है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। गुप्तार घाट रास्ता बंद कैंट बोर्ड द्वारा गुप्तार घाट की ओर जाने वाले रास्तों को बंद किए जाने से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। शिष्टमंडल में ये रहे मौजूद
जिलाधिकारी से मुलाकात करने वाले शिष्टमंडल में व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला महामंत्री मनोज जायसवाल, महानगर महामंत्री अरुण कुमार अग्रवाल, प्रांतीय संगठन मंत्री नीरज जायसवाल, अयोध्या धाम अध्यक्ष पंकज गुप्ता, महामंत्री नन्दलाल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष ज्ञान केसरवानी, सरदार कंवलजीत सिंह, अनूप गुप्ता, विकास गुप्ता और राकेश गुप्ता समेत कई प्रमुख व्यापारी नेता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने दिया आश्वासन
व्यापारियों की सभी न्यायसंगत बातों और जनसमस्याओं को जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने बेहद गंभीरता से सुना। उन्होंने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का बारीकी से अध्ययन कर संबंधित विभागों के समन्वय से जल्द से जल्द सकारात्मक समाधान निकाला जाएगा।