महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। प्रदेश में जारी भीषण गर्मी और लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडे ‘पवन’ ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एक तरफ पारा 45-46 डिग्री तक पहुँचने से जनजीवन बेहाल है, वहीं दूसरी तरफ घंटों की बिजली कटौती ने ग्रामीण इलाकों के लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर उसकी नीतियां पूरी तरह असफल साबित हो चुकी हैं। पूर्व मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाली का जिक्र करते हुए कहा आज गांवों में दिन तो दिन, रात में भी बिजली नदारद रहती है। भीषण गर्मी और उमस के कारण छोटे-छोटे बच्चे बिलख रहे हैं, बुजुर्गों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है और महिलाएं व किसान भारी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। बिजली न होने से पानी का संकट भी गहरा गया है।विज्ञापनों में व्यस्त है सरकार, धरातल पर सच कुछ और पवन पांडे ने आरोप लगाया कि जनता को राहत देने के बजाय सरकार केवल विज्ञापनों और मीडिया में अपनी झूठी उपलब्धियों का गुणगान कराने में व्यस्त है। सच्चाई यह है कि गांवों की जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भीषण गर्मी में लोगों को सबसे ज्यादा बिजली की आवश्यकता है, तब सरकार पूरी तरह असफल क्यों नजर आ रही है? यह संकट सरकार की नाकाम नीतियों और लापरवाही का सीधा परिणाम है। इन्वर्टर-बैटरियां हुईं ठप, रात-रात भर जाग रहे लोग
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही कटौती के कारण लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर और बैटरियां भी पूरी तरह डाउन हो चुकी हैं, जिससे लोगों को पूरी-पूरी रात जागकर काटनी पड़ रही है। आम जनता त्राहिमाम कर रही है और जिम्मेदार लोग आंखें मूंदे बैठे हैं। पूर्व मंत्री ने सरकार को चेतावनी देते हुए मांग की है कि गांवों की बिजली व्यवस्था में तुरंत सुधार किया जाए, अघोषित कटौती पर रोक लगे और जनता को इस भीषण तपिश से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि प्रदेश की जनता अब केवल खोखले आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर समाधान चाहती है।