मृदा परीक्षण आधारित किसान सभा में नैनो उर्वरकों के प्रयोग पर दिया गया जोर
जितेंद्र पाठक
संतकबीर नगर 21 मई 2026 को जनपद संत कबीर नगर के ग्राम पंचायत धोबखरा में मृदा परीक्षण पर आधारित किसान सभा का आयोजन किया गया।
किसान सभा में क्षेत्र प्रबंधक इफको श्री आशीष कुमार वर्मा जी एवं पंकज चौधरी (एसएफए) उपस्थित रहे।
क्षेत्र प्रबंधक द्वारा मृदा परीक्षण एवं उससे होने वाले लाभ, साथ ही नैनो उत्पादों के महत्व एवं उनके प्रयोग की विधि पर विस्तार से चर्चा की गई। सागरिका, लिक्विड कंसोर्टिया एवं जल विलय उर्वरकों के बारे में भी किसानों को जानकारी दी गई।
कृषकों को संतुलित मात्रा में उर्वरकों के उपयोग के साथ वैकल्पिक उर्वरक जैसे नैनो यूरिया प्लस एवं नैनो डीएपी के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया। किसानों को नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया प्लस के प्रयोग की विधि एवं उनके लाभ के बारे में विस्तार से बताया गया। नैनो डीएपी का 5 मिलीलीटर प्रति किलोग्राम की दर से बीज शोधन एवं 10 मिलीलीटर प्रति लीटर की दर से जड़ शोधन करने के उपरांत बुवाई/रोपाई करने की सलाह दी गई।
साथ ही बताया गया कि जब फसल लगभग एक माह की हो जाए तो 4 मिली प्रति लीटर की दर से छिड़काव करना चाहिए। इससे किसानों की लागत में कमी आएगी तथा यूरिया एवं डीएपी के अत्यधिक उपयोग को कम कर मृदा, जल एवं पर्यावरण को होने वाले नुकसान से बचाया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त किसानों को बायो डीकम्पोज़र एवं दुर्घटना बीमा जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 45 से अधिक किसानों ने भाग लिया।