शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन में दिखी छात्रों की चमक, रिपोर्ट कार्ड देख खुश हुए अभिभावक

शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन में दिखी छात्रों की चमक, रिपोर्ट कार्ड देख खुश हुए अभिभावक

 

सूर्या इंटरनेशनल एकेडमी में भव्य PTM, बच्चों की प्रगति पर शिक्षकों से हुई विस्तार से चर्चा

 

नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, छुट्टियों में भी जारी रहेगा विद्यालय का कार्य

 

जितेंद्र पाठक

 

संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सूर्या इंटरनेशनल एकेडमी में शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन (PTM) का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्ले-वे से लेकर कक्षा 9वीं एवं 11वीं तक के छात्र-छात्राओं के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

 

सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों ने अपने-अपने कक्षा अध्यापकों से परीक्षा परिणाम प्राप्त किए और अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए मार्गदर्शन लिया। सहपाठियों से तुलना के बाद छात्रों में आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। वहीं, बच्चों के उत्कृष्ट रिपोर्ट कार्ड और सर्वांगीण विकास को देखकर अभिभावक भावुक और प्रसन्न नजर आए। अभिभावकों ने विद्यालय के अनुशासन, शैक्षणिक गुणवत्ता और गुरु-शिष्य परंपरा की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, प्रबंध निदेशिका सविता चतुर्वेदी एवं

प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने सभी कक्षाओं का निरीक्षण कर शिक्षकों से विद्यार्थियों की प्रगति की जानकारी ली और उनके कार्यों की सराहना की। अपने संबोधन में डॉ. चतुर्वेदी ने कहा कि विद्यालय बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्रों को समय का सदुपयोग करने, लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और ईमानदारी से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

 

प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने बताया कि फरवरी से संचालित कक्षाओं के बाद अब विद्यालय 30 दिनों के ग्रीष्मावकाश पर रहेगा। कक्षा 6 से 11वीं तक की कक्षाएं 23 जून से तथा प्ले-वे सहित अन्य सभी कक्षाएं 1 जुलाई से पुनः प्रारंभ होंगी। अवकाश के दौरान छात्रों को दिए गए विशेष असाइनमेंट को पूरा कराने के लिए अभिभावकों से सहयोग की अपील की गई है।

 

विद्यालय प्रशासन ने यह भी जानकारी दी कि नए सत्र के लिए कक्षा 11वीं सहित सभी कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। इच्छुक अभिभावक कार्यदिवसों में विद्यालय पहुंचकर अपने बच्चों का नामांकन करा सकते हैं। छुट्टियों के दौरान भी विद्यालय का प्रशासनिक कार्य नियमित रूप से चलता रहेगा।