ई-रिक्शा की टक्कर से मासूम की मौत: घर के सामने खेलते समय हुआ हादसा, पिता ने आरोपी चालक के खिलाफ दी तहरीर
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के उदयपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा अपने घर के सामने खेल रहा था, तभी एक ई-रिक्शा ने उसे टक्कर मार दी। यह घटना पुरानी बाजार आमीशंकरपुर गांव में सुबह करीब 8:30 बजे हुई। गांव निवासी सूरज गुप्ता का तीन साल का बेटा मोनू अपने घर के सामने सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान सांगीपुर की ओर से आ रहे एक ई-रिक्शा ने उसे टक्कर मार दी, जिससे मोनू गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांगीपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में दुख का माहौल छा गया। मोनू की मां प्रभावती का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने ई-रिक्शा और उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उदयपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक मोनू अपने दो भाइयों और एक बहन में बीच का था। उसकी बड़ी बहन मोनी सात वर्ष की है, जबकि छोटा भाई ओम दो वर्ष का है। मोनू के पिता सूरज गुप्ता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं।मोनू के पिता सूरज गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि ई-रिक्शा चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था और टक्कर मारने के बाद भागने का प्रयास कर रहा था। गांव में स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
उपनिरीक्षक राजेश शुक्ला और कांस्टेबल गिरीश बघेल सहित पूरी टीम मामले की जांच कर रही है।