मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर भड़की सपा, पूर्व मंत्री पवन पांडे के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिला प्रतिनिधिमंडल

 

भाग संख्या 222 में 150 वोट कटने और भाग संख्या 8 में दोहरी प्रविष्टि का आरोप, जांच के बाद कार्रवाई का मिला आश्वासन

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। अयोध्या विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए समाजवादी पार्टी महानगर इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को पूर्व राज्यमंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन’ के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिला। सपा नेताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी को साक्ष्यों के साथ एक ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची में सुधार और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फार्म-6 जमा करने के बाद भी गायब मिले 150 नाम
सपा महानगर प्रवक्ता राकेश यादव (एडवोकेट) ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अयोध्या विधानसभा की भाग संख्या 222 (मतदान स्थल: भौतिक भवन, डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय) के अंतर्गत लगभग 150 मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए ‘फार्म-6’ भरकर संबंधित बीएलओ गीता को जमा कराया गया था। अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित हुई, तो इन 150 मतदाताओं में से किसी का भी नाम सूची में शामिल नहीं था।
प्रवक्ता ने बताया कि इस गंभीर लापरवाही की शिकायत पहले एसडीएम सदर से भी की गई थी, लेकिन वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। जिसके बाद आज मजबूरन प्रतिनिधिमंडल को सभी पुख्ता साक्ष्यों के साथ जिलाधिकारी के समक्ष गुहार लगानी पड़ी। भाग संख्या 8 में फर्जीवाड़े का आरोप
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के सामने मतदाता सूची की एक और बड़ी खामी उजागर की। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई कि विधानसभा की भाग संख्या 8 में एक ही नाम के व्यक्ति का दो अलग-अलग जगहों पर नाम दर्ज है, जो सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है और चुनावी निष्पक्षता पर सवाल खड़े करता है।
“लोकतंत्र में हर नागरिक को वोट देने का संवैधानिक अधिकार है। 150 मतदाताओं के फॉर्म जमा होने के बाद भी नाम कटना बेहद गंभीर मामला है। हमने जिलाधिकारी महोदय को सारे साक्ष्य सौंप दिए हैं। उन्होंने हमें निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का पूरा भरोसा दिया है। तेज नारायण पांडेय ‘पवन’, पूर्व मंत्री प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
जिलाधिकारी से मिलने गए इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से सपा महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, महासचिव हामिद जाफर मीसम, प्रदेश सचिव राम अचल यादव, उपाध्यक्ष श्री चंद यादव, राकेश पांडे, संजय सिंह, मंसूर इलाही (एडवोकेट), अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय महासचिव शावेज जाफरी (एडवोकेट), वीरेंद्र गौतम, राम प्रकाश यादव, अपर्णा जायसवाल और अजय यादव सहित दर्जनों कार्यकर्ता व अधिवक्ता शामिल रहे।