सप्ताह भर भयंकर उष्ण लहर (तीव्र लू) चलने की मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी 

सप्ताह भर भयंकर उष्ण लहर (तीव्र लू) चलने की मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

मण्डलायुक्त ने जिलाधिकारी के साथ की वर्चुअल बैठक

हीट वेव से बचाव व तैयारी के सम्बन्ध में दिये दिशा निर्देश

बहराइच 18 मई। मौसम विभाग, लखनऊ द्वारा आगामी सप्ताह 18 से 24 मई 2026 तक जनपद में दिन के समय कुछ स्थानो पर उष्ण लहर से भयंकर उष्ण लहर (तीव्र लू) चलने की सम्भावना के सम्बन्ध में जारी की गई चेतावनी के दृष्टिगत आयुक्त देवापाटन मण्डल दुर्गा शक्ति नागपाल द्वारा जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के साथ वर्चुअल बैठक करते हुए हीट वेव से बचाव व तैयारी के सम्बन्ध में आवश्यक निर्देश दिये गए हैं।

वर्चअल बैठक में प्राप्त दिशा निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी द्वारा शिक्षा विभाग को विद्यालयों को बन्द करने व स्कूलों के समय में परिवर्तन हेतु निर्देशित किया गया है। आमजनमानस, चरिंद व परिंद को राहत पहुंचायें जाने के उद्देश्य से ड्रेनेज, नलकूप, वन व पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया गया है कि ग्राम पंचायतों के माध्यम से सभी अमृत सरोवरों व जल स्रोतों को भरवाना सुनिश्चित करें ताकि आमजन तथा मवेशियों को गर्मी के दौरान पानी की दिक्कत न हो। सिंचाई विभाग को निर्देश दिया गया है कि रोस्टर के अनुसार नहरों के संचालन के साथ यह भी सुनिश्चित करें कि पानी नहरों की टेल तक अवश्य पहुॅचे।

डीएम ने नगर निकाय, पंचायती राज व जल निगम को निर्देश दिया है कि नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत हैण्डपम्पों को क्रियाशील रखा जाय। इसी सन्दर्भ में नलकूप विभाग को निर्देशित किया गया है कि शुष्क मौसम को दृष्टिगत रखते हुए सभी राजकीय नलकूपों को क्रियाशील रखा जाय। यांत्रिक एवं विद्युत दोष से बन्द नलकूपों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित कराया जाय तथा यह भी सुनिश्चित किया जाय कि छोटी-मोटी फाल्ट से नलकूप बन्द न होने पाएं। सभी कार्यालयाध्यक्षों को ऑफिस में शीतल पेयजल के लिए प्राकृतिक फ्रिज़ मटके की व्यवस्था करने के निर्देश दिये गये हैं जिससे कार्यालय आने वाले बच्चे, वृद्धजन व अस्वस्थ व्यक्ति हीटवेव से प्रभावित न होने पाये।

ग्रीष्म ऋतु को मद्देनज़र रखते हुए डीएम ने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि खराब ट्रांसफामर्स को तत्काल ठीक करा दें तथा जिन स्थानों पर ओवर लोडिंग के कारण कोई समस्या हो वहॉ पर उचित बन्दोबस्त कर दिये जाएं। पशुपालन विभाग को निर्देशित किया गया है कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जनपद में संचालित समस्त गो आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों हेतु हरे चारे, पानी, छांव, भूसे, उपचार की माकूल व्यवस्था के साथ-साथ आवश्यकतानुसार पंखों की व्यवस्था भी करायी जाय। डीएम ने बीडीओ व सीवीओ को निर्देश दिया कि संरक्षित गोवंश किसी भी दशा में धूप में न रहने पायें। डीएम ने कहा कि गर्मी के मौसम में पशु चिकित्साधिकारी नियमित रूप से आश्रय स्थलों का निरीक्षण कर पशुओं के स्वास्थ्य पर दृष्टि बनाये रखें।

डीएम द्वारा स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया है कि ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए सभी आवश्यक दवाओं के प्रबन्ध के साथ-साथ सभी पीएचसी व सीएचसी पर आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाय। सीएमओ को निर्देश दिया गया कि आमजनमानस द्वारा अपनायी जाने वाली सावधानियों इत्यादि के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये तथा एडवाईज़री भी जारी कर दें ताकि लोगों को इस बात की जानकारी रहे कि लू व गर्मी का प्रकोप होने पर उन्हें क्या करना है और क्या नहीं करना है। डीएम ने समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया है कि कार्यस्थलों पर श्रमिकों इत्यादि के लिए स्वच्छ पेयजल का उपयुक्त प्रबन्ध सुनिश्चित किया जाय। डीएम श्री त्रिपाठी ने जनपदवासियों से भी अपील की है कि मौसम को देखते हुए स्वयं अपना व परिजनों का ख्याल अवश्य रखें तथा अपने घरों की छतों पर अपनी सामर्थ्य के अनुसार दाने व पानी का प्रबन्ध अवश्य करें जिससे घर आये मेहमान पक्षियों को गर्मी में असुविधा न हो।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः