श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, दर्जनों घायल हुए

मिल्कीपुर-अयोध्या। अयोध्या दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी न० यूपी 42एटी 9360  (छोटा हाथी) रविवार को अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में वाहन में सवार आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में महिलाएं तथा बच्चे घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार, बल्दीराय थाना क्षेत्र के महुली गांव निवासी द्वारिका प्रसाद अपने परिवार तथा भाई के परिवार के साथ पिकअप वाहन से अयोध्या दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कुमारगंज थाना क्षेत्र की सीमा के अंतर्गत पिठला गांव के पास रविवार शाम लगभग 3.30 बजे अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और हाईवे किनारे  गड्ढे में पलट गया। हादसे के समय आसपास मौजूद स्थानीय लोगों राम शंकर मौर्य और इसरार अहमद ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय कुमारगंज पहुंचाया गया।
वाहन चालक पवन कुमार ने बताया कि अचानक वाहन कैसे अनियंत्रित हो गया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि घटना इतनी तेजी से हुई कि कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। राहत की बात यह रही कि चालक को हादसे में कोई चोट नहीं आई। हादसे में द्वारिका प्रसाद को हल्की चोटें आई हैं। वहीं अंशिका (17 वर्ष), खुशी, सरोज (24 वर्ष) तथा सरोज के एक वर्षीय पुत्र सार्थक घायल हुए हैं। सार्थक के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है। इसके अलावा मोनिका (14 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पूजा (30 वर्ष), सोना देवी पत्नी द्वारिका तथा गुड़िया पत्नी तेज बहादुर को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम तथा कृषि विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।