अयोध्या। रौनाही थाना के तहसीनपुर गांव निवासी सरयू नदी के पानी में डूबे तीनों किशोर बालक का शव रविवार को दोपहर बाद नदी के पानी में बरामद हो गया। लखनऊ से आई एनडीआरफ की टीम ने इन्हें खोजने में सफलता पा ली। शनिवार को एक ही खानदान से जुड़े यह तीनों किशोर अमित पाण्डेय, शिवांश पाण्डेय , और सत्यम पाण्डेय शाम को नहाने के दौरान नदी में डूब गए थे। पुलिस और प्रशासन ने एसडीआरएफ के साथ मिलकर शनिवार की शाम से ही लगातार खोजने का अभियान चलाया था। लेकिन रात भर खोजने के बावजूद एक भी शव बरामद नहीं हो पाया। एनडीआरएफ की टीम सुबह तक न पहुंचने के कारण ग्रामीणों ने आक्रोश में आकर राष्ट्रीय राजमार्ग 27 तहसीनपुर गांव के सामने जाम करने के लिए हुंकार भरी। यहां पुलिस और कुछ बुद्धिजीवी लोगों के समझाने पर आक्रोश शांत पड़ गया। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर रोते बिलखते लापता बच्चों के परिजन पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी, सीओ सदर अरविंद सोनकर , रौनाही प्रभारी निरीक्षक लाल चंद सरोज उप जिलाधिकारी सुश्री सविता, तहसीलदार प्रदीप कुमार सिंह, नायब तहसीलदार रेशू जैन, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, बीकापुर विधायक डा0 अमित सिंह चौहान, रालोद नेता सुड्डू मिश्रा, सुनील तिवारी शास्त्री,अरुण पाण्डेय,रानू दूबे, वेद व्यास मिश्रा आदि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।