कार पेड़ से टकराई, दो की मौत: तीन लोग गंभीर रूप से घायल, मनगढ़ से लौट रहे थे
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हुलासगढ़ गांव के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। कार में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें दो पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल था। ये सभी मनगढ़ भक्ति धाम से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। हुलासगढ़ गांव के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे कार पेड़ से जा भिड़ी।टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही महेशगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।