धुरदा में बनेगा उत्सव भवन, विधायक ने किया शिलान्यास
बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भाजपा सरकार की प्राथमिकता- अजय सिंह
बस्ती। हर्रैया विधानसभा के धुरदा ग्राम पंचायत में जनपद के पहले उत्सव भवन का शिलान्यास क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह ने शुक्रवार को किया। लगभग 1.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उत्सव भवन के बनने से क्षेत्र के दर्जनों गाँवों के लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। इस उत्सव भवन के निर्माण से धुरदा सहित आसपास के गांवों के लोगों को लाभ मिल सकेगा। कहा कि अब ग्रामीणों को शादी-विवाह, सामूहिक कार्यक्रम, सामाजिक बैठकें तथा सांस्कृतिक आयोजनों में सहूलियतें मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन का निर्माण गांव के विकास का प्रतीक है। यह भवन क्षेत्र की सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए विधायक का आभार व्यक्त किया। परशुरामपुर प्रमुख प्रतिनिधि श्रीश पाण्डेय ने कहा कि अब तक क्षेत्र में किसी बड़े सार्वजनिक भवन की सुविधा नहीं थी, जिससे लोगों को निजी स्थानों या दूसरे क्षेत्रों का सहारा लेना पड़ता था। उत्सव भवन बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी और सामाजिक कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से आयोजित हो सकेंगे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से विधायक प्रतिनिधि पंडित सरोज मिश्रा, खुशीराम वर्मा प्रधान, अखिलेश सिंह, भरत सिंह, वीरू सिंह, दीपक सिंह, अवनीश सिंह, सत्येंद्र सिंह, पुरुषोत्तम तिवारी, शिवनाथ मौर्या, रामसुभावन यादव, आशीष राजभर, नरेंद्र राजभर, राजन सिंह, मनोज सिंह आदि मौजूद रहे।