साइकिल से सशक्त होंगे सपने: मझगवां में 250 विद्यार्थियों को मिली रेंजर साइकिल

साइकिल से सशक्त होंगे सपने: मझगवां में 250 विद्यार्थियों को मिली रेंजर साइकिल

 

मास्टर राम सुरेश चौरसिया की पहल से शिक्षा और पर्यावरण को मिला नया सहारा

 

महंगे पेट्रोल के दौर में साइकिल बनी बेहतर विकल्प, बच्चों और समाज को मिला संदेश

 

संतकबीरनगर (मझगवां बाजार)।

राम सुरेश सरस्वती शिशु विद्यालय, मझगवां में आज एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल के तहत जिला पंचायत सदस्य मास्टर राम सुरेश चौरसिया के प्रयास से साइकिल सहायता योजना का आयोजन किया गया। एक एनजीओ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से ₹2600 की सहयोग राशि पर 250 रेंजर साइकिल वितरित की गई।

 

साइकिल पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनके मन में पढ़ाई के प्रति नया उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर बताया गया कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, उनके लिए रविवार एवं सोमवार से पुनः पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इस योजना का लाभ मिल सके।

 

मास्टर राम सुरेश चौरसिया ने कहा कि आज के समय में जहां पेट्रोल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, ऐसे में साइकिल न केवल एक सस्ता और सुलभ साधन है, बल्कि यह पर्यावरण के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने बच्चों और समाज से अपील की कि छोटी दूरी के लिए साइकिल का अधिक से अधिक उपयोग करें, जिससे स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा और देश हित में भी योगदान मिलेगा।

गौरतलब है कि मास्टर राम सुरेश चौरसिया द्वारा पूर्व में भी क्षेत्र में 6235 निर्माण श्रमिकों को साइकिल वितरण किया जा चुका है। इसके अलावा किसानों, युवाओं, सड़क सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान सराहनीय रहा है।

यह पहल न केवल विद्यार्थियों के भविष्य को गति देने का कार्य कर रही है, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी दे रही है कि “साइकिल अपनाएं, स्वस्थ रहें और देश को आगे बढ़ाएं।”