प्रधानमंत्री की अपील के बाद विधान परिषद की संसदीय समितियों के भ्रमण कार्यक्रम स्थगितअब जिला स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठकों में होंगे शामिल

लखनऊ,। पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के क्रम में उत्तर प्रदेश विधान परिषद ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए संसदीय समितियों के पूर्व निर्धारित भ्रमण कार्यक्रमों को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया है। यह निर्णय उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति के निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है।उत्तर प्रदेश विधान परिषद प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब संसदीय समितियों की बैठकों में जिला स्तरीय अधिकारी अग्रिम आदेशों तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिभाग करेंगे। इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा।प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश विधान परिषद डॉ. राजेश सिंह द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि सभी संबंधित अधिकारी इन आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें तथा आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।विधान परिषद प्रशासन का मानना है कि मौजूदा परिस्थितियों में संसाधनों के संयमित उपयोग और वैकल्पिक तकनीकी माध्यमों को अपनाना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से समितियों के भ्रमण कार्यक्रमों को फिलहाल स्थगित कर बैठकों के संचालन के लिए डिजिटल माध्यमों को प्राथमिकता दी गई है।