17 मंडल मुख्यालयों में प्रवक्ता संवर्ग परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 89 हजार से अधिक अभ्यर्थी हुए शामिल



लखनऊ । उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या 02/2022 के अंतर्गत प्रवक्ता संवर्ग के लिए आयोजित लिखित परीक्षा शनिवार को प्रदेश के 17 मंडल मुख्यालयों में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रथम और द्वितीय पाली में कुल 9 विषयों की परीक्षा निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में आयोजित की गई।आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि कुल 18 विषयों की लिखित परीक्षा के क्रम में शनिवार को प्रथम पाली में पूर्वाह्न 9:30 बजे से 11:30 बजे तक 278 परीक्षा केंद्रों पर भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास एवं शिक्षाशास्त्र विषयों की परीक्षा आयोजित की गई। वहीं, द्वितीय पाली में अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक 269 परीक्षा केंद्रों पर अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य एवं समाजशास्त्र विषयों की परीक्षा संपन्न हुई।उन्होंने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता और सुचिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग मुख्यालय में स्थापित एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से सभी परीक्षा केंद्रों की सघन निगरानी की गई। आयोग के सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उपसचिव की मौजूदगी में एआई कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर सतत नजर रखी गई।डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि प्रदेश के सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी, नकलविहीन, सुव्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से संपन्न हुई। उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन में जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।आयोग के अनुसार, 9 मई 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा में कुल 89,766 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इनमें महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 34.89 प्रतिशत तथा पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 42.26 प्रतिशत दर्ज की गई।