आईजीआरएस निस्तारण में संतकबीरनगर प्रदेश में प्रथम

आईजीआरएस निस्तारण में संतकबीरनगर प्रदेश में प्रथम

 

लगातार ग्यारहवीं बार जिले ने हासिल किया पहला स्थान

 

जनसुनवाई और निष्पक्ष कार्रवाई से पुलिस व्यवस्था को मिली बड़ी सफलता

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर पुलिस को आईजीआरएस पोर्टल पर जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में माह अप्रैल 2026 की मासिक रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। लगातार ग्यारहवीं बार जिले ने यह उपलब्धि हासिल कर प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया है।

पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद के सभी थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि थाने पर आने वाले पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं के साथ बेहतर व्यवहार किया जाए तथा मामलों का गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा तय होती है, जिसके भीतर मामलों का समाधान अनिवार्य होता है। शिकायतों की जांच के लिए संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण जांच करते हैं और नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं।

जनपद में शासन एवं पुलिस अधिकारियों से प्राप्त सभी संदर्भों की लगातार निगरानी की जाती है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उनका गहन परीक्षण भी किया जाता है। यदि जांच संतोषजनक नहीं पाई जाती, तो संबंधित अधिकारी को कड़े निर्देशों के साथ प्रकरण दोबारा जांच के लिए वापस किया जाता है।

जनपद के सभी थानों द्वारा बेहतर समन्वय, प्रभावी जनसुनवाई और त्वरित कार्रवाई के चलते संतकबीरनगर को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। अधिकारियों ने भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।