मगहर नगर पंचायत में मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण सम्पन्न
विकास कार्यों में निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका: नूरु जमा अंसारी
भाजपा कार्यकर्ताओं को मिलता है सम्मान: विधायक अंकुर राज तिवारी
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर | मगहर नगर पंचायत में गुरुवार दोपहर 12 बजे शासन स्तर पर मनोनीत तीन सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि सदर विधायक अंकुर राज तिवारी और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अरुण कुमार ने नवमनोनीत सभासदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शासन द्वारा सुनीता यादव, अरुण कुमार गुप्ता और गौरव निषाद को नगर पंचायत मगहर का नामित सदस्य बनाया गया है। शपथ ग्रहण के बाद सभी सभासदों ने नगर के विकास और जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नूरु जमा अंसारी ने नवमनोनीत सभासदों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि ये सदस्य सरकार की योजनाओं को धरातल पर लागू करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए सभासद क्षेत्र के विकास में आने वाली बाधाओं को दूर करेंगे और जनता की समस्याओं के समाधान में सक्रिय योगदान देंगे।
सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं का हर स्तर पर सम्मान करती है और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सिद्धांत “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” पर आधारित हैं, जिससे कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रोत्साहन मिलता है।
विधायक ने नवमनोनीत सभासदों को सलाह दी कि वे सरकार की “आंख, कान और नाक” बनकर नगर पंचायत के समुचित विकास में योगदान दें। उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य और सफल कार्यकाल की कामना भी की।
शपथ ग्रहण समारोह में नगर पंचायत से जुड़े अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने नवमनोनीत सभासदों को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।