गांव-गांव भ्रमण कर फार्मर रजिस्ट्री शिविर का एसडीएम नानपारा ने लिया जायज़ा
बहराइच 09 अपैल। उप जिलाधिकारी नानपारा मोनालिसा जौहरी ने तहसील नानपारा अन्तर्गत ग्राम उमरिया व चनैनी सहित अन्य ग्रामों का भ्रमण कर फार्मर रजिस्ट्री अभियान के तहत गांव-गांव लगाये गये शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने शिविर में मौजूद लेखपालों व कृषि विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री के साथ-साथ खतौनी में नाम की त्रुटि, अंश निर्धारण, नाम मिसमैच जैसी समस्याओं का भी गुणवत्तापूर्ण समाधान कराया जाय ताकि सभी सम्बन्धित कृषक निर्बाध रूप से योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त कर सकें।
एसडीएम ने किसानों से कहा कि फार्मर रजिस्ट्री एक अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है। भविष्य में पीएम किसान सम्मान निधि, खाद-बीज पर सब्सिडी, कृषि यंत्रों पर छूट जैसी सभी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर आईडी अनिवार्य होगी। फार्मर रजिस्ट्री बन जाने पर फसलों की बिक्री (गेहूं, धान, सरसों) में आसानी होगी, किसान क्रेडिट कार्ड मात्र 3 दिनों में बन सकेगा, फसल क्षति पर मुआवजा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी, सभी सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी समस्या के मिल सकेगा। उन्होंने कृषकों को सुझाव दिया कि अपने आधार लिंक मोबाइल नंबर, आधार कार्ड और खतौनी/गाटा संख्या के साथ नजदीकी कैंप, जनसेवा केंद्र या लेखपाल से संपर्क कर तत्काल फार्मर रजिस्ट्री करा लें।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः