एसपी मेमोरियल एकेडमी में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

एसपी मेमोरियल एकेडमी में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, मेधावी छात्र हुए सम्मानित

 

अतिथियों ने बच्चों का बढ़ाया हौसला, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं

 

अंशिका ने किया टॉप, 1 अप्रैल से शुरू होगा नया सत्र

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर सेमरियावां विकासखंड के अंतर्गत स्थित एसपी मेमोरियल एकेडमी, बुधा कला में सोमवार, 30 मार्च को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संरक्षक श्री मदन प्रताप नारायण पांडे और विशिष्ट अतिथि पूर्व मंडल अध्यक्ष गजेंद्र प्रताप नारायण पांडे ने अपने कर कमलों से बच्चों को विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए। अतिथियों ने छात्रों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विद्यालय के लगातार हो रहे विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की भी प्रशंसा की।

विद्यालय के परीक्षा परिणाम में कक्षा 8 की छात्रा अंशिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुदीप चौरसिया द्वितीय और अब्दुल अहद तृतीय स्थान पर रहे। विद्यालय प्रबंधक संतोष कुमार पांडे ने सभी छात्रों को नए सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं प्रधानाचार्य संगीता निषाद ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए बताया कि 1 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं नियमित रूप से प्रारंभ हो जाएंगी।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक वीरभद्र त्रिपाठी, राजेंद्र तिवारी, सोनी पांडे, नेहा पांडे, रेखा यादव, सविता, सत्य प्रकाश पांडे तथा अन्य स्टाफ सदस्य द्वारिका, लाल बिहारी चौरसिया, कुंदन सहित कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।