युवाओं को वैश्विक रोजगार के लिए तैयार करने को ‘स्पीडअप’ प्रकोष्ठ की स्थापना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन द्वारा युवाओं को वैश्विक स्तर पर रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘स्पीडअप’ प्रकोष्ठ की स्थापना की गई है। इस प्रकोष्ठ का उद्घाटन मिशन निदेशक पुलकित खरे द्वारा उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन कार्यालय, लखनऊ में किया गया।इस अवसर पर मिशन निदेशक पुलकित खरे ने कहा कि ‘स्पीडअप’ प्रकोष्ठ का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करना है, ताकि प्रशिक्षण पूर्ण होते ही उन्हें गुणवत्तापूर्ण और त्वरित रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने बताया कि यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के रोजगार के लिए भी तैयार करेगी।उन्होंने जानकारी दी कि ‘स्पीडअप’ मॉडल चार प्रमुख स्तंभों पर आधारित है, जिनमें उद्योगों की मांग का विश्लेषण, युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करना, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा वैश्विक अवसरों से जोड़ना शामिल है। इस प्रकोष्ठ के माध्यम से विभिन्न कंपनियों की आवश्यकताओं का आकलन कर उसी अनुरूप पाठ्यक्रम विकसित किए जाएंगे, जिससे प्रशिक्षण और रोजगार के बीच की दूरी को कम किया जा सके।मिशन निदेशक ने बताया कि तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ युवाओं को संप्रेषण कौशल, व्यक्तित्व विकास एवं कार्यस्थल व्यवहार जैसे व्यवहारिक कौशल की भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे देश और विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों में कार्य करने के लिए सक्षम बन सकें।इस पहल को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक विशेषज्ञ सहयोगी संस्था को भी जोड़ा गया है, जो प्रशिक्षण की गुणवत्ता और उद्योगों के साथ समन्वय को सुदृढ़ करने में सहयोग करेगी। ‘स्पीडअप’ प्रकोष्ठ सरकार और निजी क्षेत्र के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करेगा, जिससे रोजगार के अवसरों में वृद्धि के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होने की उम्मीद है।