बंथरा में दर्दनाक घटना: जहरीला पदार्थ सेवन से मां-बेटे की मौत, पिता की हालत गंभीर

लखनऊ,। थाना बंथरा क्षेत्र के ग्राम नीवा में शुक्रवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने की दर्दनाक घटना सामने आई है। डायल 112 उत्तर प्रदेश के माध्यम से मिली सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं जांच कार्य शुरू किया।मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि रूपनारायण चौरसिया (55 वर्ष), उनके पुत्र संदीप चौरसिया (30 वर्ष) और पत्नी तारावती (50 वर्ष) के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहरीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई। गंभीर अवस्था में रूपनारायण को परिजनों द्वारा स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस हृदयविदारक घटना में संदीप चौरसिया और तारावती की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस जांच में दोनों मृतकों के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।पुलिस ने आवश्यक पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते रहे। वहीं फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया।जांच के दौरान मृतक संदीप की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच की जा रही है और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।प्राथमिक जांच में पारिवारिक या आर्थिक कारणों की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इलाके में इस घटना के बाद शोक और सनसनी का माहौल बना हुआ है।