योग और यज्ञ से करें नव संवत्सर का स्वागत-ओम प्रकाश आर्य
बस्ती ( अनुराग लक्ष्य न्यूज ) आर्य समाज नई बाजार बस्ती के तत्वावधान में जिले के आर्य समाज मन्दिरों और विद्यालयों में वैदिक यज्ञ के माध्यम से भरतीय नव वर्ष का स्वागत किया गया। इस अवसर पर लोग आपस मे एक दूसरे को नूतन वर्ष की बधाईयाँ देते दिखे साथ ही लोगों ने अपने घरों पर ओम का भगवा ध्वज भी लगाया । इस अवसर पर स्वामी दयानन्द विद्यालय के शिक्षकों बच्चों ने यज्ञ कर अपने नए वर्ष का स्वागत किया। इस अवसर पर कक्षा अष्टम के बच्चों का विदाई समारोह अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। प्रबंधक ओम प्रकाश आर्य ने बच्चों को उत्तम संकल्प दिलाते हुए वैदिक साहित्य भेंट किया। इस अवसर पर यज्ञ कराते हुए योग शिक्षक आदित्यनारायण गिरि और गरुण ध्वज पाण्डेय ने बताया कि भारतीय नव वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ हो जाता है। इस समय प्रकृति में भी नवीनता रहती है। सर्वत्र वृक्षों के पल्लवित व पुष्पवित होने से हवा औषधि युक्त हो जाती है जिससे पर्यावरण सुहावना हो जाता है। यह समय संक्रमण का होता है अनेक रोग उत्पन्न हो जाते हैं पर ऋतु अनुकूल दिनचर्या से हम अपने आपको रोगमुक्त रख सकते हैं। ओम प्रकाश आर्य प्रधान आर्य समाज नई बाजार बस्ती ने कहा कि नव संवत्सर का स्वागत हमें यज्ञ और योग से करना चाहिए जिससे हम रोगमुक्त रहें। आदित्य नारायण गिरि ने आज के दिन का महत्व बताते हुए कहा कि सभी प्रकार के वायरस और कवक से बचाव के लिए यज्ञ सामग्री में अनेकों जड़ीबूटियों का प्रयोग किया जाता है जो कि आर्युवेद के अनुसार विषाणुओं को नष्ट करने में सक्षम हैं, इन औषधीय जड़ीबूटियों में जावित्री, जायफल, तेज पत्र, चिरायता, भीमसेनी कपूर, अगर, तगर , नागरमोथा, इंद्रजौ, गूगल, बड़ी तथा छोटी इलायची, धूप, लौंग, तुलसी, नीम, पीला तथा सफेद चंदन, हल्दी, देसी खांड, तिल नागकेसर आदि वायरस, जीवाणु एवं फंगल नाशक औषधियां डाली गई हैं। हवन सामग्री में विशेष रूप से गिलोय, तुलसी, नीम, लौंग, किसमिस में सूखे मेवे के साथ चंदन का तेल व गुग्गुल मिला कर दी गई औषधियों से वातावरण तो शुद्ध होता ही है साथ ही रोग नाशक औषधियां जलकर श्वास के माध्यम से भीतर प्रवेश कर शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को कई गुना बढ़ा देती हैं जिससे शरीर में कोई भी वायरस शरीर के संपर्क में आते ही निष्क्रिय हो जाता है। इस अवसर पर बच्चों व शिक्षकों ने ऋतु अनुकूल हवन सामग्री व घी से आहुतियां दी। नए वर्ष के शुभारम्भ पर बच्चों को वेद के मंत्रों का भाव बताया गया और दिव्य संकल्प के साथ शिक्षा ग्रहण करने की प्रेरणा दी गई।
इस अवसर पर अनूप कुमार त्रिपाठी, दिनेश मौर्य, अरविंद श्रीवास्तव, अनीशा मिश्रा, नितेश कुमार, अन्शिका पाण्डेय, महक मिश्रा, स्वप्नल, शिवांगी, ज्योति सोनी, अंजली, मान्या जायसवाल, राधा देवी आदि सम्मिलित रहे।