12 घंटे में चार नाबालिग बच्चियां सकुशल बरामद, परिजनों को किया सुपुर्द
बहराइच। थाना रिसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा चार नाबालिग बच्चियों को महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को दूरभाष के माध्यम से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह एवं क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक रिसिया करुणाकर पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मैनुअल प्रयासों के साथ सर्विलांस सेल से समन्वय स्थापित कर लगातार प्रयास किया, जिसके परिणामस्वरूप चारों बच्चियों को 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।
इसके बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए बच्चियों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। बरामदगी टीम में उपनिरीक्षक हेमन्त कुमार यादव, महिला उपनिरीक्षक कोमल कश्यप तथा हेड कांस्टेबल देवेंद्र यादव शामिल रहे।