गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों पर भारी भीड़: 4-5 घंटे लाइन में लगकर ले रहे सिलेंडर, संचालक बोले- एलपीजी सिलेंडरों की कमी नहीं

गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों पर भारी भीड़: 4-5 घंटे लाइन में लगकर ले रहे सिलेंडर, संचालक बोले- एलपीजी सिलेंडरों की कमी नहीं

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ जिले में गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच अंतरराष्ट्रीय तनाव की खबरों के बाद गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। जिले की गैस एजेंसियों पर प्रतिदिन सैकड़ों लोग सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं। लीलापुर थाना क्षेत्र की गैस एजेंसी सहित कई स्थानों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोगों को गैस बुकिंग और वितरण के लिए 4 से 5 घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। ग्राहक अपने सिलेंडर को लाइन में लगाकर धूप से बचने के लिए पेड़ों की छांव में अपनी बारी का इंतजार करते नजर आ रहे हैं।ग्राहकों के अनुसार, पहले एजेंसी पर प्रतिदिन लगभग 600 सिलेंडर की खपत होती थी, जो अब बढ़कर करीब 1000 सिलेंडर प्रतिदिन तक पहुंच गई है। वर्तमान में एक घरेलू गैस सिलेंडर 968 रुपये में उपलब्ध है। गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। सभी ग्राहकों को लाइन में लगने के बाद आसानी से सिलेंडर मिल रहा है। वे कालाबाजारी रोकने के लिए खुद निगरानी कर रहे हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति जरूरत से ज्यादा सिलेंडर न ले सके।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गैस को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। जिले में पर्याप्त गैस उपलब्ध है। प्रशासन ने यह भी कहा है कि लोग उतनी ही मात्रा में सिलेंडर लें, जितनी जरूरत हो, ताकि बाजार में कृत्रिम कमी और कालाबाजारी की स्थिति न बने। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की टीमें भी सक्रिय हैं।