कुंडा में ओवरलोड ट्रैक्टरों से बढ़ रहीं दुर्घटनाएं: मौरंग ढुलाई से लोगों को खतरा, प्रशासन पर उठे सवाल

कुंडा में ओवरलोड ट्रैक्टरों से बढ़ रहीं दुर्घटनाएं: मौरंग ढुलाई से लोगों को खतरा, प्रशासन पर उठे सवाल

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

कुंडा विकास क्षेत्र में ओवरलोड मौरंग से लदे ट्रैक्टरों का धड़ल्ले से संचालन हो रहा है। इन ट्रैक्टरों के कारण सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे आम लोगों की जान को खतरा बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि इन पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। कौशांबी से कुंडा तक करेंटी पुल के रास्ते भारी मात्रा में मौरंग ओवरलोड ट्रैक्टरों के माध्यम से लाई जाती है। यह सिलसिला लगातार जारी है, जिससे सड़कों पर जोखिम बढ़ गया है। इन ओवरलोड वाहनों की तेज रफ्तार और अनियंत्रित आवाजाही ही दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बन रही है। दो दिन पहले ही एक गंभीर हादसा हुआ था। मौरंग से लदे एक ट्रक को खींचने के प्रयास में करेंटी पुल पर एक ट्रैक्टर पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक विनोद पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बावजूद, प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। क्षेत्र के निवासियों ने इस समस्या पर गहरी चिंता व्यक्त की है। रवि गुप्ता, राजेश पाल, नन्नू पटेल, बाबुल शुक्ला, गुल्लू तिवारी, अमन यादव, राकेश प्रजापति और सुनील पांडे सहित कई स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ओवरलोड ट्रैक्टरों की आवाजाही पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।इस संबंध में कुंडा कोतवाल मनोज पांडेय ने कहा है कि ओवरलोड वाहनों को पकड़वाकर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।