एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में शानदार रिहर्सल, वार्षिकोत्सव की भव्यता के संकेत
डा उदय प्रताप चतुर्वेदी, राकेश चतुर्वेदी व शिखा चतुर्वेदी ने सराहा नौनिहालों का प्रदर्शन
गुडलक–फेयरवेल पार्टी के ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियां पूरी, अभिभावकों को आमंत्रण
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर।जिले के दक्षिणांचल में स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एसआर इंटरनेशनल एकेडमी, नाथनगर में शुक्रवार को आयोजित होने वाले वार्षिकोत्सव समारोह एवं गुडलक–फेयरवेल पार्टी को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए गुरुवार को नौनिहालों ने शानदार रिहर्सल प्रस्तुत की। रंगारंग प्रस्तुतियों ने यह प्रमाणित कर दिया कि आगामी समारोह यादगार होने वाला है।
रिहर्सल कार्यक्रम का जायजा लेने पहुंचे सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डा उदय प्रताप चतुर्वेदी, एसआर ग्रुप के चेयरमैन राकेश चतुर्वेदी एवं राजन इंटरनेशनल एकेडमी बस्ती की एमडी शिखा चतुर्वेदी ने बच्चों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर गणेश वंदना, भगवती स्तुति, क्लासिकल नृत्य, देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, रचनात्मक नृत्य तथा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का सारगर्भित मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
डा उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान द्वारा अधिक से अधिक नौनिहालों को मंच प्रदान करना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि नन्हें-मुन्ने बच्चों को मंच देकर उनका आत्मविश्वास बढ़ाना शिक्षा का महत्वपूर्ण अंग है। जिस उत्साह और ऊर्जा के साथ बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वह प्रशंसनीय है।
राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य नौनिहालों को शिक्षा के हर क्षेत्र में पारंगत बनाना है। खेल, सामाजिक अभिरुचि, सांस्कृतिक विधाओं और संस्कारों के माध्यम से बच्चों को सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर करना ही प्रबंधन की प्राथमिकता है। उन्होंने बच्चों की मेहनत और लगन की सराहना की।
शिखा चतुर्वेदी ने कहा कि वर्तमान समय प्रतिस्पर्धा का दौर है। ऐसे में बच्चों को शिक्षा, खेल, समसामयिक ज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों में दक्ष बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक बेहतर व्यक्तित्व निर्माण के लिए हर क्षेत्र में पारंगत होना जरूरी है और संस्थान इसी दिशा में संकल्पित है।
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय और प्रिंसिपल दुर्गेश गोस्वामी ने सभी अभिभावकों एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों को शुक्रवार को आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह एवं गुडलक–फेयरवेल पार्टी में सादर आमंत्रित किया।
अभ्यास सत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, युवा समाजसेवी निहाल चंद्र पांडेय, उप प्रधानाचार्य एसएन शुक्ला, धर्मेंद्र चौरसिया सहित तमाम शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक हरिश्चंद्र यादव ने किया।
रिहर्सल की भव्यता ने यह स्पष्ट कर दिया कि एसआर इंटरनेशनल एकेडमी का वार्षिकोत्सव समारोह इस वर्ष ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय होने जा रहा है।