बढ़नी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से छप्पर जला, तीन पशु झुलसे
बस्ती। बढ़नी गांव में मंगलवार को अचानक मौसम बदलने पर तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। बिजली गिरते ही एक कच्चे मकान का छप्पर आग की चपेट में आ गया, जिससे छप्पर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस घटना में वहां बंधे तीन पशु भी झुलस गए।
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पीड़ित बाबू राम चौधरी ने बताया कि आकाशीय बिजली सीधे उनके छप्पर पर गिरी थी, जिससे अचानक आग लग गई और देखते ही देखते छप्पर जल गया साथ ही अंदर रखा भूसा भी पूरा जल गया।