अजांव में श्रीचंडी महायज्ञ का भव्य समापन आज
सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी होंगे मुख्य अतिथि
श्रीराम कथा व रामलीला से एक सप्ताह से राममय बना हुआ है क्षेत्र
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम अजांव में बीते 27 जनवरी से चल रहे नौ दिवसीय श्रीचंडी महायज्ञ का बुधवार को भव्य समापन किया जाएगा। कबीर की पावन धरती पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के समापन समारोह में समाजसेवा और धर्म के ध्वजवाहक, सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। आयोजन समिति ने उनके स्वागत को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
अजांव स्थित काली मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीचंडी महायज्ञ का भव्य आयोजन किया गया है। महायज्ञ का शुभारंभ एसआर ग्रुप के युवराज रजत चतुर्वेदी द्वारा किया गया था। विगत एक सप्ताह से वृंदावन धाम से पधारे पूज्य लीलाराम जी महाराज के श्रीमुख से प्रवाहित श्रीराम कथा तथा मनमोहक रामलीला के मंचन से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है।
आयोजन समिति के पदाधिकारी सौरभ पांडेय ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ का समापन बुधवार को विधिविधान के साथ किया जाएगा। समापन अवसर पर आयोजित महाआरती में मुख्य अतिथि डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी विशेष रूप से सहभागिता करेंगे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के दर्जनों गांवों के श्रद्धालुओं ने इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। समापन समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए आयोजक मंडल द्वारा तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं।