: कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्या ने 12 मृतक सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया

लखनऊ, : उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री, बाल विकास एवं पुष्टाहार श्रीमती बेबीरानी मौर्या ने आज अपने सरकारी आवास पर 12 मृतक सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकम्पा आधार पर सरकारी सेवा में नियुक्ति पत्र प्रदान किए। यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश सेवाकाल में मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों की भर्ती नियमावली-1974 और उसके 2025 के संशोधनों के अनुसार की गई है। मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 में उनके द्वारा 40 मृतक सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जा चुका है।आज नियुक्त किए गए आश्रितों में मुख्य सेविका, प्रधान सहायक, वरिष्ठ सहायक, वाहन चालक और चतुर्थ श्रेणी के पद पर कार्यरत कर्मचारियों के परिवार के सदस्य शामिल हैं। कनिष्ठ सहायक के पद पर कुल 9 और चतुर्थ श्रेणी के पद पर 3 आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।मंत्री बेबीरानी मौर्या ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान करने की दिशा में पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 2425 महिलाओं को मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। इसके अलावा, आयोग द्वारा चयनित 78 नई मुख्य सेविकाओं और 597 कनिष्ठ सहायकों को भी शीघ्र ही नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।