विधायक खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन: चंपत राय ने विजेताओं को किया सम्मानित

 

‘टीम भावना से कार्य करने पर ही मिलती है सफलता’ – चंपत राय
ग्रामीण और शहरी खेल प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त मंच बनी प्रतियोगिता – वेद प्रकाश गुप्ता

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल में आयोजित दो दिवसीय ‘विधायक खेल प्रतियोगिता’ का रविवार को पुरस्कार वितरण के साथ भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र और कप प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
खिलाड़ियों को मिला मार्गदर्शन
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए चंपत राय ने कहा कि खेल हमें एकजुट होकर काम करना सिखाते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, “जब हम टीम भावना के साथ कार्य करते हैं, तभी सफलता सुनिश्चित होती है। हार-जीत से परे, खेल आत्ममंथन और भविष्य में बेहतर करने की प्रेरणा देते हैं।” उन्होंने स्वस्थ शरीर को पढ़ाई और जीवन के संतुलन के लिए अनिवार्य बताया। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि इस आयोजन का मूल उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को एक उचित मंच प्रदान करना है। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। प्रतियोगिता के परिणाम: दबदबा और रोमांच दो दिनों तक चली विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। प्रमुख परिणाम इस प्रकार रहे। वॉलीबॉल: सीनियर और जूनियर बालिका वर्ग में डाभासेमर की टीम विजेता रही। सीनियर बालक वर्ग में दुगवा ने बाजी मारी।
कबड्डी सीनियर बालिका वर्ग में इनवेटिव माइंड एकेडमी (IMA) विजेता बनी। शॉटपुट सीनियर बालक वर्ग में सागर और बालिका वर्ग में नेहा प्रथम स्थान पर रहे। जूनियर वर्ग में सूरज सिंह और दित्यांशी ने स्वर्ण पदक जीता। दौड़: बालक वर्ग (सब-जूनियर) में आदर्श वर्मा ने 100, 200 और 400 मीटर में तिहरी जीत हासिल की। वहीं, बालिका वर्ग में खुशी ने 100 और 200 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। ट्रैकसूट पाकर खिले खिलाड़ियों के चेहरे प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी खिलाड़ियों को ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया गया। समारोह में ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह, अतुल सिंह, उद्योगपति राकेश लधानी, भाजपा नेता अमल गुप्ता और मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे।