रवि प्रकाश पाण्डेय
सिद्धार्थनगर। भनवापुर।
ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन एवं ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर चल रहे सत्याग्रह आंदोलन के चौथे चरण में सोमवार को विकास खण्ड भनवापुर के सभी ग्राम पंचायत सचिवों ने ऑनलाइन हाजिरी और गैर विभागीय कार्यों के विरोध में अपना-अपना डोंगल एडीओ पंचायत कार्यालय में जमा कर दिया।ब्लॉक अध्यक्ष विवेक कुशवाहा के नेतृत्व में ब्लॉक पर तैनात समस्त सचिवों ने सामूहिक रूप से एडीओ पंचायत कार्यालय पहुंचे और ऑनलाइन हाजिरी की अनिवार्यता तथा गैर विभागीय कार्यों के अत्यधिक बोझ के विरुद्ध डोंगल सौंपकर अपना आक्रोश दर्ज कराया। सचिवों ने स्पष्ट कहा कि मोबाइल सिम हमारी निजी संपत्ति है, ईमेल आईडी हमारी व्यक्तिगत है, ऐसे में अव्यावहारिक व्यवस्था थोपना उचित नहीं है, इसलिए आज किसी भी प्रकार का भुगतान ऑनलाइन नहीं किया जाएगा।सचिवों का कहना है कि अत्यधिक ऑनलाइन औपचारिकताओं और असंगत अतिरिक्त कार्यों के कारण जमीनी स्तर पर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो रही है और वास्तविक फील्ड कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ब्लॉक अध्यक्ष विवेक कुशवाहा ने कहा कि यह आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं गांधीवादी सत्याग्रह है, जिसका उद्देश्य किसी भी विभागीय कार्य को ठप करना नहीं, बल्कि समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है।उन्होंने बताया कि सभी सचिव पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे, लेकिन अपनी नैसर्गिक, तर्कसंगत और न्यायपूर्ण मांगों के समर्थन में सत्याग्रह का सहारा लिया गया है, ताकि सरकार इन पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र ही आवश्यक आदेश जारी करे।इस दौरान सचिव हरीराम चौधरी, प्रतीक रावत, राहुल सिंह, दिलीप त्रिपाठी, सहित अन्य सचिव उपस्थित रहे।