पीआरडी स्थापना दिवस पर शानदार परेड, विभिन्न ज़ोन की प्लाटूनों ने दिखाया दमखम

लखनऊयुवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा 77वाँ प्रान्तीय रक्षक दल स्थापना दिवस समारोह 11 दिसंबर 2025 को जेल रोड, आनंद नगर स्थित महानिदेशालय परिसर में आयोजित किया गया। परेड ग्राउंड में हुए इस भव्य आयोजन में पीआरडी जवानों की रैतिक परेड ने कार्यक्रम की शान बढ़ा दी। समारोह के मुख्य अतिथि सुहास एल.वाई., सचिव, युवा कल्याण एवं खेल, उत्तर प्रदेश शासन ने परेड का निरीक्षण किया और मान-प्रणाम स्वीकार किया। संयुक्त निदेशक प्रशासन अशोक कुमार कनौजिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की कुल 11 प्लाटूनों ने रैतिक परेड में भाग लिया। लखनऊ, बरेली, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज और मेरठ ज़ोन की प्लाटूनों ने अपनी दक्षता, अनुशासन और तालमेल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इसके साथ ही पीआरडी की दो महिला प्लाटूनों ने दमदार उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि मुख्यालय की आपदा राहत प्लाटून ने भी अपने कौशल का प्रदर्शन किया।परेड के दौरान जवानों की वर्दी, अनुशासन, चाल, फॉलो-अनुशासन और कमांड के आधार पर प्रदर्शन का मूल्यांकन होमगार्ड्स विभाग और कारागार विभाग के निर्णायकों द्वारा किया गया। प्लाटूनों के प्रदर्शन और टर्नआउट के कुल अंकों के आधार पर परिणाम तैयार किए गए, जिनकी घोषणा समारोह के अगले चरण में की गई।स्थापना दिवस का यह आयोजन पीआरडी जवानों की क्षमता, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा। प्रदेश के विभिन्न ज़ोन से आई प्लाटूनों ने जिस निष्ठा और उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुति दी, उसने आयोजन को यादगार बना दिया। समारोह में मौजूद अधिकारियों ने पीआरडी को प्रदेश की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन में महत्वपूर्ण सहयोगी बताते हुए जवानों का मनोबल बढ़ाया।